संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, प्रेमी शव छोड़कर फरार
बड़हलगंज।कोतवाली क्षेत्र के चिल्लूपार गांव में किराए के मकान में रह रही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद प्रेमी शव छोड़कर फरार हो गया। परेशान मकान मालिक ने पुलिस की तहरीर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
बड़हलगंज कस्बे से सटे चिल्लूपार गांव में प्राथमिक विद्यालय के निकट मीरा देवी पत्नी स्व. हरिराम के मकान में 25 दिनों से किराए के मकान में रही श्रीमती दुर्गा देवी पुत्री ओमप्रकाश निवासी जगदीशपुर, थाना खोराबार, अपने दो बच्चों व प्रेमी के साथ रह रही थीं। गुरुवार की शाम दुर्गा की तबीयत बिगड़ने पर उसे कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सक ने स्थिति गंभीर होने पर देर रात रेफर कर दिया। जिसके बाद प्रेमी उसे लेकर मकान पर आया और घर पर सुलाकर फरार हो गया। सुबह मकान मालिक ने देखा तो महिला मृत पड़ी थी।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मृतका की बहन वंदना शर्मा पुत्री ओमप्रकाश निवासी जगदीशपुर थाना खोराबार व पूजा पत्नी अरूण शर्मा निवासी घरसरा, थाना सहजनवा ने बताया कि दुर्गा की शादी सात वर्ष पहले सूरज शर्मा पुत्र अज्ञात, निवासी काली जगदीशपुर, थाना महली खलीलाबाद के साथ हुई थी।
जो दिल्ली में रहता है। दुर्गा की दो पुत्रियां रिया 5 वर्ष व अनन्या 3 वर्ष की हैं। दो पुत्रियों को हो जाने के बाद दुर्गा का पति से विवाद होता रहता था। जिसके बाद दुर्गा दो वर्ष पूर्व अपने पति से अलग होकर बड़हलगंज में अपने प्रेमी पति मनोज कान्हा बिहारी निवासी बिहार के साथ रहने लगी।
कान्हा दुर्गा से प्रेम करता था। वह इधर उधर घूमकर ठेकेदारी (मकान बनवाने) का काम करता हैं। दो दिन पहले दोनों में कुछ विवाद हुआ था। जिसके बाद कान्हा ने हमें फोन कर बताया कि दुर्गा जहर खा ली है।
मैं उसको छोड़कर जा रहा हूं। जिसके बाद दुर्गा की तबीयत खराब हो गई। गुरुवार की रात कान्हा ने फोन पर बताया कि वह मर गई है। आकर ले जाओ मैं छोड़कर जा रहा हूं। कोतवाल उमेश बाजपेयी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्यवाही की जाएगी।