बांसगांव संदेश / देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के टड़वां गांव के रहने वाले प्रथम राष्ट्रीय रायफल्स (फर्स्ट आरआर) के जवान संतोष यादव शनिवार को श्रीनगर के सोपिया में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए।
इसकी सूचना सेना में ही तैनात संतोष के छोटे भाई मनोज यादव ने पिता को दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मूल रूप से एकौना थाना क्षेत्र के सचौली पटवनिया गांव के रहने वाले शेषनाथ यादव मदनपुर के टड़वा में मकान बनाकर रहते हैं। उनके बड़े बेटे संतोष यादव (33) सेना के प्रथम राष्ट्रीय रायफल्स (फर्स्ट आरआर) में तैनात थे।
10 साल पहले ही संतोष सेना में हुए थे भर्ती
करीब 10 वर्ष पहले वह सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में श्रीनगर में उनकी तैनाती थी। उनके छोटे भाई मनोज यादव भी आर्मी में श्रीनगर में ही तैनात हैं। मनोज ने मोबाइल पर फोन कर पिता शेषनाथ यादव को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार वारदात शनिवार की सुबह हुई। आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सेना के जवान सोपिया में कॉम्बिंग अभियान चला रहे थे। उसी दौरान मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया, जबकि संतोष यादव और महाराष्ट्र के रहने वाले उनके साथी रोमित चह्वाण गोली लगने से घायल हो गए।
सेना के जवानों ने दोनों को श्रीनगर स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों की मौत हो गई।
घटना की खबर पहुंचते ही क्षेत्र के लोग गमगीन हो गए। शहीद के दरवाजे पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शहीद के परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। परिजनों की चीख पुकार सुन लोगों की आंखे भर आई।
जम्मू में रुद्रपुर के लाल के शहीद होने पर लोगों की आंखे नम और दिल में गुस्सा था। मां मैना देवी का रो रोकर बुरा हाल था। पत्नी धर्मशीला और दो मासूम बच्चे पलक और जान्वी बेहाल होकर रो रही थी। शहीद का छोटा भाई मनोज यादव भी सेना का जवान है और वर्तमान में उनकी तैनाती गलेशियर में है।
UP और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं शहीद जवान
राष्ट्रीय रायफल्स के शहीद जवान संतोष यादव पुत्र शेषनाथ रुद्रपुर तहसील के टड़वा के रहने वाले थे। उनके शहीद हाेने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर है। जवान के घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है। थानाध्यक्ष ने भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।
संतोष के छोटे भाई मनोज भी सेना में हैं। उनकी तैनाती श्रीनगर में ही है। संतोष की पत्नी धर्मशीला, माता मैना देवी सदमे में हैं। जवान की दो बेटियां जान्हवी 8 वर्ष व पलक 6 वर्ष हैं। वहीं, सिपाही रोमित थांजी चव्हाण महाराष्ट्र के थाने जिले के रहने वाले हैं। भारतीय सेना के PRO ने बताया है कि दोनों जवानों की मौत गोली लगने की वजह से हुई है।